नौतनवा। सोहगी बरवा वन्य जीव प्रभाग उत्तरी चौक रेंज के टेढ़ीघाट बीट के जंगल के किनारे बसे गांव सेमरहवा में बुधवार को फिर तेंदुआ दिखा। इन दिनों तेंदुआ बंधे के आसपास एक सप्ताह से दिख रहा है। इससे पशुपालकों समेत ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
सेमरहवा गांव जंगल और नदी के बीच बसा हुआ है। कभी-कभी तेंदुआ शिकार के लिए भटककर आबादी के तरफ आ जाता है। शिकार न मिलने पर गांव से पूरब बंधे के किनारे चर रही बकरियों या मवेशियों को शिकार बना लेता है। गांव के महेन्द्र यादव, राम विशुन यादव, उपेन्द्र यादव, अजय, राम प्रसाद, राम बचन, रामपत, दुर्गेश, रुदल व अन्य लोगों ने बताया कि तेंदुआ एक सप्ताह से जंगल के किनारे बंधे के पास दिख रहा है। लोगों को डर है कि तेंदुआ कहीं गांव में आकर हमला न कर दे। लोगों ने सुरक्षा की मांग की है। रेंजर रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से वन कर्मियों को गश्त करने का निर्देश दिया गया है।