नौतनवा। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के उत्तरी चौक रेंज के टेढ़ीघाट बीट के जंगल के किनारे बसे गांव सेमरहवा टोला बरतानी में रविवार की रात करीब 8 बजे सागौन के बगीचे में तेंदुआ दिखा। इससे ग्रामीणों में दहशत है।
ग्रामीणों के शोर मचाने के बाद तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। उत्तरी चौक रेंज के जंगल के किनारे बसे गांव सेमरहवा में हर माह तेंदुआ कहीं न कहीं दिख जाता है, जिससे ग्रामीणों में दहशत बना रहता है। तेंदुआ कभी बकरियों को अपना निवाला बनाता है तो कभी मवेशियों को शिकार बना लेता है। रविवार की रात सेमरहवा गांव के बरतानी टोले के पास पतिराम राजभर के घर के पास सागौन के बगीचे में खड़ा तेंदुआ गुर्रा रहा था।
तेंदुआ के गुर्राने की आवाज सुनकर ग्रामीण भयभीत हो गए। एकत्रित होकर ग्रामीणों ने शोर मचाया तो तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। ग्रामीण राजेश, राकेश, पन्नेलाल, युद्ध बहादुर थापा, झीनक, आशीष, जुगेश आदि लोगों ने बताया कि तेंदुआ के गुर्राने की आवाज सुनकर शोर मचाया गया तो वह जंगल की ओर चला गया। रात में भय बना रहता है कि कहीं वह किसी पर हमला न कर दे। उत्तरी चौक रेंजर रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि ग्रामीणों को जंगली जानवरों से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जाता है। संवाद