नौतनवा। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के मधवलियां रेंज के जंगल के किनारे बसे गांव बेलहिया, अमहवा के सिवान में रविवार की रात तेंदुए ने पांच लोगों को घायल कर दिया था। तभी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हालांकि तेंदुए की निगरानी में वनकर्मी लगे हुए हैं और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर वन कर्मी गश्त कर रहे हैं। इसी बीच सगरहवा गांव स्थित महाव नाले के पास बकरी को तेंदुए दबोच लिया इससे ग्रामीण दहशत में हैं।
जानकारी के मुताबिक, मधवलिया रेंज के गनेशपुर बीट के जंगल के किनारे बसे गांव सगरहवा निवासी अनवर की बकरी महाव नाले के पास चर रही थी। झाड़ी में छुपा तेंदुआ अचानक आया और बकरी को दबोच कर जंगल की तरफ लेकर चला गया। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सगरहवा निवासी अजमत, हरिराम, शेषमन, प्रमोद आदि ने बताया कि तेंदुए के आने से डर बना हुआ है कि कहीं गांव में आकर किसी पर हमला न कर दे। वन दारोगा राजेश तिवारी ने बताया कि तेंदुए की तलाश में गश्त की जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की तरफ न जाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।