घुघली। क्षेत्र के ग्रामसभा खानपुर के बरहवा टोला के बगीचे में बुधवार की सुबह करीब 9.30 बजे तेंदुए का शावक दिखा। इससे ग्रामीण दहशत में हैं। गांव के लोग बगीचे की ओर से जाने से डर रहे हैं। लोगों के मुताबिक बगीचे के करीब झाड़ी में तेंदुआ कहीं छिप गया है।
बरहवा टोला निवासी हैपी पांडेय के आम के बगीचे में शावक देखा। इसकी जानकारी होने पर गांव के लोग भी बगीचे के पास पहुंच गए। लोगों की आवाज सुनकर शावक झाड़ी में छिप गया। ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर निगरानी कर रहे हैं। कुछ देर बाद वन विभाग की टीम आने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों का कहना है कि शावक शोर सुनकर झाड़ी में छिप गया होगा। डिप्टी रेंजर मोहन सिंह ने बताया की ग्रामीणों की सूचना पर टीम पहुंची तो वहां कुछ नहीं दिखा। टीम जांच करने में जुटी है। वहीं गांव के दरोगा पांडेय, अमित कुमार, राम निवास मिस्त्री, रविंद्र ने बताया कि शावक दिखा था, लेकिन कहां गया पता नहीं लग रहा है। संवाद