तेंदुए के हमले में लहूलुहान नमिता को ले जाता युवक।
निचलौल। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग अंतर्गत सोहगीबरवा गांव के बाजार टोला में शुक्रवार को सहेलियों के साथ खेत गई एक बालिका पर तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। वहीं सहेलियों के चीख चिल्लाने से तेंदुआ बालिका को छोड़ गन्ने की खेत में घुस छिप गया।
बालिका की हालत गंभीर देख लोगों की मदद से उसे आनन फानन में निजी वाहन की मदद से कुशीनगर जिले के खड्डा स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने बालिका की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया।
यहां से परिजन उसे महराजगंज के एक निजी हॉस्पिटल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने दहशत का माहौल बना रहा।
सोहगीबरवा गांव निवासी सुग्रीव प्रसाद की बेटी नमिता (14) पड़ोस में रहने वाली कुछ सहेलियों के साथ आबादी से सटे दक्षिण तरफ स्थित एक गन्ने की खेत के पास पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। जहां पर पहले से शिकार की तलाश में छिपे एक तेंदुए ने नमिता पर अचानक हमला कर दी।
वहीं अचानक तेंदुए की हरकत देख नमिता की अन्य सहेलियां सन्न हो गईं। फिर वह आबादी की ओर भागते हुए चीख पुकार मचाने लगी। वहीं बेबश नमिता तेंदुए से जूझती रही। इसी बीच कुछ लोग लाठी डंडों के साथ शोर मचाते हुए खेत की ओर दौड़ पड़े।
ऐसे में तेंदुआ नमिता को लहूलुहान हालत में छोड़ गन्ने की खेत में जाकर छिप गया। हालांकि तेंदुए की काफी तलाश की गई। लेकिन चारों तरफ गन्ने की फसल होने के चलते उसका पता नहीं चल सका।
शिवपुर वन क्षेत्राधिकारी प्रभारी सुनील राव ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर वन कर्मियों की टीम पहुंची थी। तेंदुए के पदचिन्ह के आधार पर खोजबीन की गई लेकिन तेंदुए का कहीं भी पता नहीं चल सका। वहीं ग्रामीणों को वन्य जीवों से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि आबादी के आसपास वन्यजीव दिखने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें।