नौतनवां। नगर पालिका परिषद नौतनवां के सभागार में बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष गुड्डू खान और अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र कुमार राव की अध्यक्षता में सभासदों की बैठक हुई। इसमें सभासदों ने अपने-अपने वार्ड से संबंधित समस्याओं को बोर्ड के समक्ष रखा। साथ ही समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
सभासदों की सर्व सम्मति से 9 प्रस्ताव पास किए गए। जिसका सभी ने ध्वनिमत से समर्थन किया। वहीं पूर्व में की गई बोर्ड की बैठक की कार्रवाई को प्रधान लिपिक रमाशंकर सिंह ने सभी सभासदों को अवगत कराया। अध्यक्ष गुड्डू खान ने कहा कि सभासदों द्वारा दिए गए प्रस्ताव पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। नगर के विकास को लेकर तैयार हुई योजना के मुताबिक कार्य होंगे। बैठक में नौतनवां नगर के टैक्सी स्टैंड की नीलामी को पूर्ण कराने, कामर्शियल भवनों और दुकानों पर कामर्शियल टैक्स लगाए जाने, करीब 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर सहमति बनी, सफाई कार्य पर कमेटी का गठन, प्रत्येक वार्ड में 20-20 पीस एलईडी लाइट लगाने, फायर ब्रिगेड की गाड़ी खरीदने, सीसीटीवी कैमरा लगाने, सभी वार्डों में वाटर एटीएम लगवाने तथा नगर के लिए एंबुलेंस खरीदने का प्रस्ताव पास हुआ। इस मौके पर बृजेश मणि, शहनवाज खाज, चंदन चौधरी, अमित यादव, मोहम्मद शकील, संजय, विशाल जायसवाल, अनिल पटवा के अलावा तमाम सदस्य मौजूद रहे। ईओ बीरेंद्र राव ने बताया कि कार्य में लापरवाही के कारण नगर पालिका के कर्मचारी सत्यप्रकाश और रविकांत वर्मा को निलंबित कर दिया गया।