समाजवादी दिवस पर फरेंदा और बृजमनगंज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने प्रदेश सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियां गिनाईं। लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र व मेधावी छात्रों को लैपटॉप वितरित किया गया।
आवास विकास परिषद के उपाध्यक्ष सुशील टिबड़ेवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सभी वर्गों के लिए कार्य किया है। विधायक विनोद मणि ने मुख्यमंत्री के भाषण पत्र को पढ़ा। कहा कि सड़क, बिजली, पानी से लेकर समाजवादी पेंशन, कन्या विद्या धन, लैपटॉप का वितरण कर छात्रों को तकनीकी क्षेत्र में अग्रसर करने का प्रयास किया। प्रदेश शासन के सचिव शिव श्याम मिश्र ने कहा कि लोगों के हितों की रक्षा के लिए सभी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
डीएम सुनील कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि योजना का लाभ दिलाने में महिलाओं को वरीयता दी गई है। एसपी भारत सिंह यादव ने कहा कि अपराध नियंत्रण में सफलता ही विकास की कुंजी है। प्रमुख रामप्रकाश सिंह ने कहा कि कार्यक्रम के आयोजन का मकसद सभी योजनाओं की जानकारी लोगों को देना है। सीडीओ आरएम उपाध्याय, एसडीएम जयचंद पांडेय, सीएमओ कृष्ण गोपाल सिंह, बीडीओ फरेंदा आनंद गुप्ता, सीओ टीएन पांडेय आदि लोग रहे।
मौके पर लोहिया ग्रामीण आवास योजना के तहत 20 लोगों को स्वीकृति पत्र दिया गया। कौशल विकास के तहत पांच, मातृत्व हित लाभ में 10, समाजवादी पेंशन योजना में 19, वृद्धा अवस्था में 13 लोगों को पेंशन, 14 को निराश्रित महिला पेंशन, 10 को विकलांग पेंशन, 10 को नि:शुल्क बोरिंग, चार को स्वच्छ भारत मिशन, 10 मेधावियों को लैपटाप, पांच को खाद्य सुरक्षा योजना के तहत लाभ दिया गया। इसी तरह डीडी कृषि ने फरेंदा क्षेत्र के किसान बीमा योजना, लपेटा पाइप, बैट्री चालित स्प्रेयर मशीन आदि का वितरण किया।
निचलौल प्रतिनिधि के अनुसार ब्लाक सभागार शिविर लगा कर पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। वक्ताओं ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। एसडीएम जितेन्द्र कुशवाहा व सपा विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष अखिलेश यादव , प्रधान संघ अध्यक्ष विद्यासागर यादव मौजूद थे। संचालन एसएन सिंह कुशवाहा ने किया। इस दौरान धर्मेंद्र तिवारी आदि लोग मौजूद रहे। एसडीएम सदर रणविजय सिंह, बीईओ गरिमा यादव, राजेश कुमार वर्मा, भूमि संरक्षण अधिकारी अवधेश यादव, कुमार सौरभ सिंह, सुरेन्द्र प्रसाद मौजूद रहे।
रतनपुर/अड्डा बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक नौतनवा ब्लॉक परिसर रतनपुर में बीडीओ मंजू त्रिवेदी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुन्ना सिंह थे। उन्होंने सपा व अखिलेश सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से बताया। कहा कि स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, कन्या विद्याधन, समाजवादी पेंशन, एंबुलेंस सेवा, होनहार विद्यार्थियों को लैपटॉप आदि योजनाएं जनहित में हैं। ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि रमाकांत यादव, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी गिरीश सिंह, एसडीएम नौतनवां विक्रम सिंह मौजूद थे।
नौतनवा प्रतिनिधि के अनुसार समाजवादी दिवस के मौके पर मंगलवार को नौतनवा स्थित पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के कैंप कार्यालय पर बैठक हुई।सपा सरकार के जनकल्याणकारी विकास योजनाओं तथा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई। बंटी पांडेय ने कहा कि प्रदेश की अखिलेश यादव की सरकार ने समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए काम किया है। बैठक की अध्यक्षता बाबूराम यादव व संचालन अमीर आलम ने किया। झुल्लूर कुरैशी, बबलू उपाध्याय, विशाल, दुर्विजय यादव, गुड्डू तिवारी, रामकुमारआदि मौजूद रहे।