गजट प्रकाशित होने के बाद सदर के 23 व फरेंदा ब्लॉक के 25 गांव से होगा भूमि अधिग्रहण
थ्रीडी प्रकाशन के लिए भूमि अर्जन विभाग ने लोनिवि को भेजा पत्र
महराजगंज। गोरखपुर-फरेंदा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 730) अब शीघ्र ही परतावल से फरेंदा तक भी फोरलेन होगा। इसके लिए मई में अनुमति मिलने के बाद विभाग ने ए गजट प्रकाशित कराने के बाद जमीन अधिग्रहित के लिए 48 गांवों को चिह्नित कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, फोरलेन परियोजना में सदर से 23 और फरेंदा ब्लॉक से 25 गांव से भूमि अधिग्रहण किया जाना है। उक्त गांव में गाटा सत्यापित करने के लिए लोकनिर्माण विभाग को थ्रीडी प्रकाशन के लिए विभाग से पत्र भेजा जा चुका है। थ्रीडी के साथ स्माल ए गजट प्रकाशित होते ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। भूमि अर्जन विभाग के मुताबिक इसी महीने के आखिर तक भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
41 किमी सड़क टू लेन से होगी फोर लेन
एनएच 730 गोरखपुर से परतावल तक फोरलेन और परतावल से फरेंदा तक टू लेन है। अब परतावल से फरेंदा तक 41 किमी की दूरी भी फोरलेन होगी जिससे इस राष्ट्रीय राजमार्ग का लोड व्यवस्थित हो सके। फोरलेन के लिए नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद परतावल-महराजगंज मार्ग को फोरलेन में परिवर्तित किए जाने की मांग रखी थी। उन्होंने बढ़ते यातायात दबाव, जनसंख्या वृद्धि और आर्थिक गतिविधियों को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण पर जोर दिया था, इसके बाद प्रक्रिया शुरू हुई।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशन में ब्लूम कंपनी एलएलसी जेबी मेसर्स मार्क टेक्नोक्रेट्स प्राइवेट लिमिटेड ने सर्वे पूरा किया। इसके तहत सदर से 23 व फरेंदा के 25 गांव को फोरलेन के दायरे में आने की रिपोर्ट भूमि अर्जन विभाग व मंत्रालय को भेजा गया। रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग संबंधित गांव के राजस्व निरीक्षक, लेखपाल आदि से गाटा सत्यापन प्रक्रिया शुरू करा चुका है जो 15 अगस्त तक पूर्ण होगा। भूमि अर्जन अधिकारी की तरफ से एसडीएम सदर व एसडीएम फरेंदा को उक्त गांव की सूची भेजकर अवगत करा दिया है।
परतावल से फरेंदा फोरलेन सीधे सोनौली-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को फरेंदा में ओवरब्रिज के पास जोड़ेगा। सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग भी छह लेन हो रहा है। ऐसे में अब गोरखपुर फरेंदा मार्ग भी नेपाल आने-जाने वाले लोगों के लिए सुविधाजनक हो जाएगा।
स्पीकअप
परतावल से फरेंदा तक फोरलेन होने से व्यापारियों को सर्वाधिक लाभ होगा। गोरखपुर से सामान मंगाने में परतावल तक तो भारी वाहन आराम से आते हैं लेकिन परतावल से महराजगंज आने में असुविधा होती थी। फोरलेन का निर्माण पूरा होने के बाद यह समस्या समाप्त हो जाएगी।
-आत्माराम गुप्ता, कारोबारी।
-
गोरखपुर-फरेंदा (एनएच 730) फोरलेन निर्माण पूरा होने के बाद बिहार से नेपाल जाने वाले लोगों को बड़ी सहूलियत देगा। महराजगंज के व्यापारी व भट्ठा संचालक झारखंड व पश्चिम बंगाल से बिहार के रास्ते आसानी से कोयला मंगा सकेंगे। फोरलेन से यह कम समय में जनपद में पहुंच जाएगा।
-विंध्यवासिनी सिंह, कारोबारी।
फरेंदा तहसील के गांव
भूमि अधिग्रहण के लिए फरेंदा में मथुरानगर, कम्हरिया खुर्द, सेमराडाड़ी, बड़हरा देवीचरन, गोपालपुर, पिपरा विशम्भरपुर, जंगल जोगिया बारी, करहिया, परसिया बुजुर्ग, पोखर भिंडा, झुनवा, रूनुआ, सोनबरसा, चौतरवा, गोपालपुर सुम्हाखोर, महदेवा सुम्हाखोर, गोबिंदपुर, खजुरिया, बहादुरगढ़, मुजहना और रामनगर, भैंसहिया गांवों को चयनित किया गया है। वहीं सदर ब्लॉक के परतावल, छातीराम, पिपरिया, कोटवा, कोटवा, पंचरुखिया, भैंसा, धरमपुर, अगया, सोहरौना, गौनरिया, रुद्रापुर, मनियार छपरा, सेमरा, भटौली, बरवां विद्यापति, पिपरा बाबू, संवरेजी, मुजहना खुर्द, सतभरिया, सिसवा बाबू गांवों से अधिग्रहण किया जाना है।
वर्जन
परतावल से फरेंदा फोरलेन के लिए कुल 48 गांव से जमीन अधिग्रहण इसी माह में शुरू होगा। इसके लिए थ्री डी प्रकाशन व स्माल ए गजट प्रकाशित करने के लिए पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड को पत्र भेज दिया गया है। गाटा सत्यापन प्रक्रिया राजस्व विभाग 15 तक पूरा कर लेगा। 41 किमी के दायरे में पांच पुल उच्चीकृत होंगे।
- विजय कुमार, एसडीएम व भूमि अर्जन अधिकारी, महराजगंज।