स्वास्थ्य केंद्र व उपकेंद्र के लिए नहीं मिल रही भूमि
- प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम का प्रस्ताव बनाने में आ रही समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विकास को लेकर प्रस्ताव बनाया जाना है, मगर मानक के मुताबिक भूमि की उपलब्धता न होने से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की समस्या बढ़ गई है। इससे जहां संबंधित क्षेत्रों में स्वास्थ्य उपकेंद्रों व केंद्रों का प्रस्ताव नहीं बन रहा है, वहीं बेवजह समय भी बढ़ रहा है। आमजन के हितों व कार्यक्रम की सार्थकता को देखते हुए जिम्मेदारों को इस दिशा में ध्यान देना होगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए एक एकड़ तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए दो एकड़ भूमि की आवश्यकता है।
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को नोडल विभाग बनाते हुए विकास परक प्रस्ताव मांगा गया है। सदर क्षेत्र के ग्राम मुड़िला व नटवां तथा लक्ष्मीपुर ब्लॉक के ग्राम मझौली व विशुनपुर कुर्थिया में स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण तथा मिठौरा क्षेत्र के ग्राम परसौनी, बृजमनगंज के बहदुरी आदि में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा नौतनवां क्षेत्र के ग्राम कोहरगड्डी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने का निर्णय लिया गया है। इन स्थलों पर भूमि उपलब्ध कराने को लेकर बीडीओ को पत्र भेजा गया था, मगर भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं कराई गई। अब विभाग ने संबंधित तहसील क्षेत्र के एसडीएम को पत्र भेजकर भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कराए जाने की मांग की है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र ने बताया कि जिले के सभी एसडीएम को पत्र भेजकर भूमि उपलब्ध कराने की मांग की गई है। भूमि के मिलने के उपरांत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।