पुष्टाहार नहीं मिलने का आरोप लगा महिलाओं ने किया हंगामा
परतावल। क्षेत्र के ग्राम सभा लक्ष्मीपुर जरलहिया में बृहस्पतिवार को शिकायत की जांच करने पहुंची सीडीपीओ नीरजा गुप्ता के सामने महिलाओं ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर पुष्टाहार नहीं देने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा अनाज के साथ तेल व दाल का वितरण नहीं किया जाता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से मांग करते हैं तो सूची में नाम नहीं होने की बात कहकर लाभार्थी को हटा दिया जाता है। गांव की सरिता चौधरी, फरीदा, किरण, ज्योति, साजिदा, निर्मला, फुला, मनीता, नीलम, सरिता, सुनीता आदि ने कहा कि कभी-कभी केवल आधा किलो चावल मिल जाता है। सीडीपीओ नीरजा गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी जाएगी। संवाद