विदेश भेजने वाले गिरोह पर आरोप, जांच में जुटी पुलिस
चौक बाजार। सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर एक मजदूर से लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। चौक थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरियां निवासी सेराजुल पुत्र अनवारूल हसन ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर गांव के ही दो युवकों पर विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी कर रकम हड़पने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के मुताबिक, वह मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करता है। इसी बीच गांव के एक युवक ने उसे सऊदी अरब में अच्छी सैलरी पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसने अपने आजमगढ़ निवासी साथी से भी बातचीत कराई और भरोसा दिलाया कि सेराजुल और उसके भांजे अरमान को जल्द विदेश भेज दिया जाएगा। दोनों की बातों में आकर पीड़ित ने यूपीआई के जरिए 2.09 लाख रुपये आरोपितों के खाते में भेज दिए। इसके अलावा करीब 30 हजार रुपये खर्च कर मेडिकल जांच कराई गई और पासपोर्ट भी उनके हवाले कर दिया।
सेराजुल का आरोप है कि महीनों तक उसे वीजा आने का भरोसा देकर टरकाया जाता रहा, लेकिन न तो विदेश भेजा गया और न ही रुपये लौटाए गए। बाद में पता चला कि आरोपित कई लोगों को विदेश भेजने का सपना दिखाकर ठगी कर चुके हैं। पीड़ित का कहना है कि जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपितों ने धमकी देते हुए साफ कह दिया कि जहां जाना है चले जाओ, पैसा वापस नहीं मिलेगा।
मामले की शिकायत स्थानीय थाने में की गई तो पुलिस के दबाव पर आरोपितों ने 20 हजार रुपये लौटाए और बाकी रकम 20 अप्रैल तक देने का वादा किया, लेकिन तय तारीख गुजरने के बाद भी भुगतान नहीं किया। अब पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर शेष 1.89 लाख रुपये वापस दिलाने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।