निचलौल रेंगहियां में कोटेदार के चयन में धांधली का आरोप लगा कर ग्रामीणों ने सोमवार को तहसील में प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया में पक्षपात हुआ है। दोबारा कोटेदार का चयन कराया जाए। एसडीएम को दिए ज्ञापन में कहा है कि 10 अप्रैल को ग्राम सभा की खुली बैठक में वोटिंग के आधार पर कोटे का चयन होना था। लेकिन एडीओ (कृषि) ने हाथ उठवा कर कोटे का चयन कर दिया।
लोगों का आरोप यह भी कि ग्राम प्रधान ध्रुव नारायण अपने चहेते को कोटा दिलाने के लिए धांधली कराई। ऐसे में कोटा चयन प्रक्रिया को निरस्त करते हुए जांच हो तथा नए सिरे से कोटे का चयन कराया जाए। विरोध प्रदर्शन में भगवान दास चौहान, मोहन कुमार, अमित चौहान, कृष्ण प्रताप, जवाहिर, रामलाल , दिलीप, तूफानी व अशोक कुमार आदि शामिल रहे।
कोटेदार की अनियमितता से परेशान सिसवा बाजार के जैनीछपरा के इसराइल ने डीएम को शिकायत पत्र दिया है। कहा है कि जैनीछपरा में पात्रों की सूची में 293 कार्ड धारक हैं। लेकिन कोटेदार मार्च में अपने चहेतों को ही राशन दिया। सात अप्रैल को कुछ कार्ड धारकों में राशन वितरण घटतौली के साथ किया। साजिशन सभी कार्डधारकों के नाम व फोटो गलत तरीके से चढ़वाए गए। जिलापूर्ति अधिकारी से शिकायत भी की।