महराजगंज। फल की दुकान पर जूस पीने के बाद पैसे के लेन-देन के दौरान सोमवार को सुभाष निषाद से ग्राहक की कहासुनी हो गई। इस पर आरोपी सुभाष निषाद, उसकी पत्नी और बेटी ने ग्राहक दुर्विजय वर्मा और उसकी पत्नी और भाई को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पनियरा पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खजुरिया निवासी पीड़ित दुर्विजय वर्मा ने तहरीर में बताया है सोमवार की रात करीब आठ बजे वह खुटहां अपनी पत्नी अंगीता व भाई पवन के साथ किसी काम से गया था। वहां एक फल की दुकान पर जूस पीया। जूस का पैसा देने के दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बांसपार निवासी सुभाष निषाद विवाद करने लगा। मना करने पर वह और उसकी पत्नी व बेटी (नाम अज्ञात) गालियां देते हुए मुझे लाठी डंडे से मारने पीटने लगे। जब मेरी पत्नी व भाई विरोध किया तो उन्हें भी मारकर घायल कर दिया। इस संबंध में एसओ संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।