सोनौली। छठ पर्व को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। त्योहार के दौरान सीमा पर बढ़ने वाली आवाजाही और भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। सोनौली सीमा सहित सीमावर्ती गांवों और संवेदनशील रास्तों पर सशस्त्र सीमा बल और स्थानीय पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से निगरानी की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत एसएसबी के जवान सीमा से सटे गांवों, मुख्य रास्तों, पगडंडियों और आने-जाने के अन्य मार्गों पर लगातार गश्त कर रहे हैं। वहीं, पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में भी तैनात किया गया है, जो संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। सीमा पर भारत से नेपाल और नेपाल से भारत आने-जाने वाले यात्रियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए जांच-पड़ताल की जा रही है। पहचान पत्र की जांच के बाद ही यात्रियों को सीमा पार प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
संयुक्त गश्त के दौरान सीमावर्ती गांवों में भी लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा कर्मी ग्रामीण रास्तों और उन स्थानों पर विशेष सतर्कता बरत रहे हैं, जहां से मुख्य सीमा मार्ग से हटकर आवाजाही की संभावना रहती है। इसके साथ ही सीमा से गुजरने वाले वाहनों और यात्रियों की भी जांच की जा रही है, ताकि त्योहार की भीड़ का फायदा उठाकर कोई संदिग्ध व्यक्ति या अवांछित गतिविधि सीमा पार न कर सके।
छठ पर्व के मद्देनजर एसएसबी और पुलिस के बीच आपसी समन्वय भी बढ़ाया गया है। सुरक्षा एजेंसियां एक-दूसरे से सूचनाएं साझा कर सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। सीओ नौतनवा बंसन्त कुमार सिंह का कहना है कि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौकसी बढ़ाई गई है। किसी भी गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।