नौतनवां (महराजगंज)। क्षेत्र के मुडि़ला गांव के पास नेपाल जा रहे ट्रक से सवारी जीप टकरा गई। जिससे उसमें सवार पांच यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से पीएचसी नौतनवां में भर्ती कराया गया। एक व्यक्ति की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बुधवार को दोपहर करीब एक बजे कोल्हुई से सवारी भर कर जीप नौतनवां आ रही थी। जीप जैसे ही नौतनवां थाना क्षेत्र के मुड़िला गांव के पास पहुंची तो नेपाल जाने वाले खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि जीप में बैठे रामदास (60) व सुमित्रा (52) निवासी परासी नेपाल, आरती (30) गजरहां थाना नौतनवां, प्रमोद कुमार द्विवेदी कुरहवां थाना नौतनवां एवं अखिलेश परसा मलिक घायल हो गए। जीप चालक का पता नहीं चल सका। सभी घायलों को पीएचसी नौतनवां में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद प्रमोद की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लोगों का कहना था कि जीप की गति काफी तेज थी। जीप में करीब 15 लोग सवार थे। अन्य 10 लोगों को हल्की चोटें लगीं। वह सभी घर चले गये। नौतनवां थाना प्रभारी अनिल कुमार का कहना है कि घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि चालक के बारे में जानकारी की जा रही है।