नौतनवा। नगर के घंटाघर चौराहे पर सड़क की पटरियों पर दुकान लगाने से जाम लग जा रहा है। इससे नगर में जरूरी कार्य से आने जाने वाले लोगों को काफी समस्या हो रही है।
नौतनवा कस्बा के घंटा घर चौराहे से रेलवे माल गोदाम जाने वाले मार्ग पर पुलिस बूथ से आगे रेलवे प्रशासन ने बैरियर लगा दिया है। बैरियर लग जाने से रेलवे परिसर में अनधिकृत रूप से आने जाने वाले वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इससे बाजार करने आने वाले कुछ लोग अपना चार पहिया वाहन पुलिस बूथ के आसपास माल गोदाम मार्ग पर खड़ा कर देते हैं। जब मालवाहक ट्रक माल ढुलाई के लिए अथवा माल लोड कर माल गोदाम पर आते जाते हैं तो घंटाघर चौराहे पर सड़क की पटरी पर अतिक्रमण होने से ट्रक मोड़ते समय दोनों तरफ से वाहनों का लंबा जाम लग जाता है जिससे आने जाने वाले लोगों को समस्या होती है। इंद्रजीत यादव, विनोद, अशोक कुमार, मुस्तफा, शाह आलम, उमाशंकर यादव, सूरज आदि लोगों ने बताया कि नगर में भारी वाहनों के प्रवेश से तथा सड़क की पटरियों पर दुकान लगाने और वाहनों को खड़ा करने से हमेशा जाम लगा रहता है। अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार यादव ने बताया कि अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। संवाद