निचलौल। क्षेत्र के डोमा गांव से साइबर टीम ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर फर्जी वेबसाइट के माध्यम से फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। शनिवार को टीम ने केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
साइबर थाना प्रभारी सजनू यादव ने बताया की टीम को शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि निचलौल क्षेत्र के मुसहर बस्ती डोमा में एक आरोपी मोटी रकम लेकर फर्जी वेबसाइट के माध्यम से फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र बनाया जा रहा है। सूचना के बाद टीम के साथ मौके पर पहुंच छापा मारा गया। जिस दौरान टीम एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। मौके से दो लैपटाप, दो प्रिंटर, चार रबर के बायोमेट्रिक क्लोन, एक आइरिस डिवाइस, एक वेबकैम मय लैंप, एक फिंगर प्रिंट स्कैनर, एक जीपीएस, दो लैपटाप चार्जर, पांच केबल, एक लेमिनेशन मशीन, एक पेपर स्कैनर मशीन, चार मोबाइल, 24 आधार कार्ड, सात जन्म प्रमाण पत्र, 34 आधार कार्ड की रसीद, 76 आधार कार्ड बनाने का फार्म, 13 भरा हुआ आधार कार्ड बनाने का फार्म, 860 रुपये नकदी बरामद हुए।
टीम की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम राजू कुमार निवासी डोमा खास थाना निचलौल बताया। आरोपी ने आगे बताया की वह प्राथमिक विद्यालय चंदा खास महेंद्र प्रजापति के आईडी व रबर के कृत्रिम क्लोन बनाकर साइबर, ऑनलाइन फ्रॉड को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तार आरोपी राजू कुमार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।