निचलौल तहसील क्षेत्र के ग्रामसभा पोखरभिंडा में चल रहा था सड़क निर्माण
महराजगंज। निचलौल की ग्रामसभा पोखरभिंडा में कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर उत्पन्न विवाद का मंगलवार को निस्तारण हो गया। कुछ ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में मानक का पालन नहीं करने का आरोप लगाकर कार्य रुकवा दिया था। शिकायत के बाद राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि का सीमांकन कराया और संबंधित पक्षों को स्थिति से अवगत कराया।
जानकारी के अनुसार, ग्रामसभा पोखरभिंडा में नवीन मंडी गरौड़ा एट निचलौल की संस्तुति पर संबंधित विभाग की ओर से ससड़क निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद गांव के कुछ लोगों ने कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों के विरोध के चलते निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।
मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन सक्रिय हुआ और नायब तहसीलदार पियूष जायसवाल के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम कोठीभार पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने संबंधित अभिलेखों का परीक्षण करने के बाद भूमि का सीमांकन कराया। नायब तहसीलदार पियूष जायसवाल ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य को लेकर कुछ लोगों द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई थी। सीमांकन के बाद भूमि की स्थिति स्पष्ट हो गई है और आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
इस दौरान राजस्व निरीक्षक अवधेश सिंह, लेखपाल भारतेन्दु मिश्र, मनीष पटेल, मंडी सचिव विनोद शर्मा, श्यामनंदन साहनी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।