परतावल में अस्पताल का निरीक्षणकरते डिप्टी सीएमओ डॉ.केपी सिंह।
महराजगंज। डिप्टी सीएमओ व निजी अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ. केपी सिंह ने शुक्रवार को परतावल चौराहे पर स्थित एक निजी क्लिनिक सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्लिनिक में कई तरह की गड़बड़ियां मिली। जिसके बाद क्लिनिक को सील कर दिया गया।
जांच टीम जब वहां पहुंची तो मौके पर पश्चिम बंगाल के रहने वाले सुजई सिकरी मिले। टीम ने जब उनसे क्लीनिक के पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिना पंजीकरण चल रहे निजी क्लिनिक को सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वहीं डिप्टी सीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ. केपी सिंह ने बताया कि रतन कुमार पांडेय और दीपू रावत निवासी परतावल की ओर से मुख्यमंत्री जन सुनवाई शिकायत पोर्टल पर क्लिनिक सेंटर की शिकायत की थी। जिसमें यह आरोप लगाया था कि परतावल चौराहे पर स्थित बिना पंजीकरण के एक निजी क्लिनिक सेंटर संचालित हो रहा है। इसमें अप्रशिक्षित डाक्टरों के जरिए इलाज के नाम पर धोखा किया जा रहा है। बताया कि सीएमओ ने इस मामले को गंभीरता लेते हुए क्लिनिक के जांच के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि क्लिनिक बिना पंजीयन के संचालित हो रहा था। जिसके आधार उसे सील कर दिया गया है।