धनेवा स्थित जिला कारागार में विधायक इरफान सोलंकी से मुलाकात करने जाती पत्नी नसीम व भाई।संवाद
- फोटो : MAHARAJGANJ
सपा विधायक इरफान सोलंकी से मिलने पहुंचीं उनकी पत्नी, बोलीं-सब मिलकर दुआ करें
- विधायक के छोटे भाई अरशद सोलंकी भी मिले, जेल के बाहर जुटे रहे सपा कार्यकर्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। कानपुर से महराजगंज की जेल में आए सपा विधायक इरफान सोलंकी इन दिनों सुर्खियों में हैं। जबसे वह जेल में आए हैं, सपा कार्यकर्ता सक्रिय हो गए हैं। बृहस्पतिवार को उनको शिफ्ट करने की सूचना मिली तो कार्यकर्ता जेल के पास पहुंच गए। शुक्रवार को सपा विधायक की पत्नी एवं भाई आए तो कार्यकर्ता उनके साथ जेल के पास पहुंचे।
सपा विधायक की पत्नी नसीम शुक्रवार को जेल के गेट पर पहुंचीं। मिलने के लिए उनके द्वारा जरूरी प्रक्रिया शुरू की गई है। कतार में खड़ी होकर नंबर आने के बाद उन्होंने जेल में प्रवेश किया। विधायक के छोटे भाई अरशद सोलंकी भी मिलने आए थे। शुरुआत में दोनों ने मीडिया से बातचीत करने से परहेज किया, लेकिन विधायक के मिलकर आने के बाद उनकी पत्नी नसीम ने कहा कि ऊपर वाले से दुआ करें। यहां सब ठीक है। कोई परेशानी नहीं है। जनता की दुआओं की बदौलत वह जेल से छूट कर आएंगे। सभी लोग मिलकर प्रार्थना करें की जल्दी कुछ बेहतर हो जाए।
----------------
परतावल में रुकी थीं विधायक की पत्नी
सपा विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम, छोटे भाई अरशद सोलंकी एवं बेटा परतावल कस्बे में सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन के घर पहुंचे। यहां औपचारिक मुलाकात के बाद बेटे को वहीं छोड़कर जिला कारागार रवाना हुए।