निचलौल। ब्लॉक के गांव बरवा कृपाल में 15 अगस्त के दिन टेंट और कुर्सी लगवाने के नाम पर 27,250 रुपये भुगतान के मामले में सहायक खंड विकास अधिकारी विनय कुमार पांडेय ने जांच शुरू कर दी। मामले की शिकायत के बाद अमर उजाला ने 15 अक्तूबर के अपने अंक में ‘टेंट और कुर्सी के इंतजाम के नाम पर फर्जी भुगतान का आरोप’ शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खंड विकास अधिकारी शमा सिंह ने बताया कि बरवा कृपाल निवासी सुनील पटेल की शिकायत कर आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान और सचिव की मिलीभगत से 15 सितंबर को राज्य वित्त से विनय ट्रेडर्स फर्म के नाम पर 27,250 रुपये का फर्जी भुगतान किया गया है। उक्त निकासी की रकम से 15 अगस्त के अवसर पर ग्रामीणों के लिए टेंट और कुर्सी की व्यवस्था ग्रामीणों को कहीं नजर ही नहीं आई। इतना ही नहीं 15 सितंबर को ही जिम्मेदारों ने गांव में स्वच्छता के नाम पर अमित ट्रेडिंग कंपनी फर्म को 28,700 रुपये भुगतान किया है लेकिन गांव में न तो सफाई कराई गई न ही कीटनाशक का छिड़काव कराया गया।