परतावल। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है।
ग्राम पंचायत छपिया निवासी साजरा खातून ने ग्राम प्रधान पति साबिर खां और ग्राम पंचायत अधिकारी आशीष सिंह पर धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। इस प्रकरण में जांच के बाद खंड विकास अधिकारी ने पंचायत सचिव को नोटिस जारी कर तीन दिन जवाब मांगा है। खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि साजरा खातून द्वारा 13 अक्तूबर को दी गई लिखित शिकायत में आरोप लगाया गया कि वर्ष 2024-25 में उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ था लेकिन उस समय उनके पास खुद की जमीन नहीं थी। ग्राम प्रधान पति साबिर खां ने उसके पिता मुहम्मद समीम से कहा कि अगर जल्दी घर बनवाना है तो रुपये देने होंगे। जब यह बात पंचायत सचिव आशीष सिंह को बताई गई तो उन्होंने भी प्रधान को पैसा देने की बात कही। पीड़िता के अनुसार, उसके पिता ने 39 हजार रुपये निकालकर प्रधान पति साबिर खां को दे दिए। इसके बाद बार-बार ग्राम प्रधान और सचिव के पास जाने के बावजूद कोई कार्य नहीं हुई।