डीआईओएस की 25 स्कूलों को नोटिस, बीएसए को पत्र
निजी स्कूलों की जांच में संचालित मिली अमान्य कक्षाएं
महराजगंज। जनपद में ऐसे निजी स्कूलों का संचालन किया जा रहा है जिनके नाम के साथ तो इंटर काॅलेज जुड़ा है लेकिन मान्यता सिर्फ महज प्राइमरी तक ही है। डीआईओएस के निर्देश पर गठित जांच टीम ने 29 अप्रैल को अपनी रिपोर्ट में ऐसे 25 स्कूलों की सूची सौंपी है। डीआईओएस ने सभी स्कूलों को बंद करने का नोटिस जारी किया है।
डीआईओएस ने निजी स्कूलों की जांच के लिए सभी 29 राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की एक टीम गठित की थी। एक से 28 अप्रैल तक की जांच टीम ने निजी स्कूलों में मान्यता के विपरीत कक्षाओं का संचालन पाया। टीम के सदस्यों ने इन कक्षाओं का संचालन बंद कराने के बाद डीआईओएस कार्यालय को जांच रिपोर्ट भेजी। 29 अप्रैल को डीआईओएस को यह रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसी दिन उन्होंने सभी 25 निजी विद्यालयों को बंद करने का नोटिस जारी कर दिया। हाल के दिनों में आए दिन बिना पंजीकरण के अस्पतालों का संचालन पाया गया है। अब ऐसे निजी स्कूलों की लंबी फेहरिस्त मिली है जिनके पास मान्यता तो प्राइमरी की है लेकिन कक्षाओं का संचालन कक्षा 9 वीं से 12 वीं तक किया जा रहा है।
डीआईओएस ने ऐसे स्कूलों की जांच के लिए राजकीय माध्यमिक स्कूल के प्रधानाध्यापकों की टीम को एक अप्रैल से शुरू नए शिक्षा सत्र की जांच के लिए लगाया। जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर डीआईओएस ने उक्त स्कूलों को बंद करने की नोटिस जारी करते हुए बीएसए को पत्र जारी किया कि प्राइमरी की मान्यता लेकर ऊपर की कक्षाएं यह स्कूल कैसे संचालित हो रहे हैं और इस पर विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है।
इन स्कूलों को बंद करने की नोटिस
रामकुमार इंटर काॅलेज पनियरा, एस आईडी एकेडमी, सुभाषचंद्र बोस काॅलेज मौलागंज, संतलाल काॅलेज देवीपुर, शांति देवी एकेडमी सिसवां, बीएनएस एकेडमी, एपीजे सेंट्रल काॅलेज, हेरा इंटर काॅलेज निचलौल, मसीही सेवा शिक्षा सदन निचलौल, ज्ञान भारती काॅलेज निचलौल, एपीजे भौंराबारी, न्यू कार्मल समरधीरा, परमात्मा प्रसाद कालेज, स्वामी विवेकानंद काॅलेज, बोधिसत्व काॅलेज, सनराइज नालेज कोलई, सीपीएस झंझनपुर, सर्वोदय पब्लिक भुवनी, पीएसएम किंडर गार्डन व न्यू मॉर्डन पुरैना का नाम शामिल है।
वर्जन
डीएम के निर्देश पर राजकीय माध्यमिक प्रधानाध्यापकों की टीम निजी स्कूलों की जांच के लिए लगाई गई थी। रिपोर्ट में 25 स्कूल अमान्य कक्षा संचालित करते मिले। इनकी मान्यता प्राइमरी की थी लेकिन कक्षा 9, 10, 11 व 12 की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं। इसी रिपोर्ट के आधार पर उक्त स्कूलों को बंद करने की नोटिस जारी की गई है। प्रकरण में बीएसए को भी पत्र लिखा गया है।
-प्रदीप कुमार शर्मा, डीआईओएस, महराजगंज