आज दोपहर बाद बढ़ेगा अवदाब, बारिश के आसार
36 अधिकतम , 28 डिग्री रहा न्यूनतम तापमान
महराजगंज। जुलाई के आखिरी सप्ताह में तेज धूप होने से तापमान में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है। शनिवार की तरह रविवार को भी सुबह से शाम तक धूप चुभती हुई महसूस की गई। धूप हल्की हुई तो देर रात तक हवा न चलने के कारण उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। रविवार को अधिकतम तापमान शनिवार के मुकाबले दो डिग्री अधिक 36 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जुलाई के दूसरे पखवाड़े में हल्की बारिश हुई तो अब आखिरी सप्ताह धूप में लगातार तीन दिनों से वृद्धि दर्ज की जा रही है। सुबह पांच-छह बजे निकलने वाले धूप की तपिश समय के साथ बढ़ती गई जिससे दोपहर एक बजे से तीन बजे तक की स्थिति ऐसी हुई कि लोग बाहर निकलने का साहस तक नहीं जुटा सके। रविवार के अवकाश का दिन होने के बाद भी लोग धूप से बचने के लिए पूरे दिन घरों में कैद रहकर कूलर व पंखे से राहत पाने के प्रयास में जुटे रहे।
शाम पांच बजे के बाद धूप की तपिश मंद जरूर हुई लेकिन शाम के वक्त हवा बिल्कुल शांत बने रहने के कारण देर रात तक उमस भरी गर्मी से निजात के लिए लोग खुले आसमान के नीचे टहलते नजर आए। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज दोपहर बाद बन रहे द्रोणी अवदाब के कारण बारिश की संभावना बन रही है।
वर्जन
बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे उत्तर ओड़िशा के ऊपर बना अवदाब द्रोणी होकर लौट रहा है। इस वजह से आज दोपहर बाद से मौसम बदलेगा और बारिश के होने से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
-अतुल कुमार सिंह, प्रभारी, आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र।