महराजगंज। डाक सेवाओं को तेज व सुलभ बनाने के क्रम में डाकघर की पूरी व्यवस्था डिजिटल कर दी गई है। पिन कोड त्रुटि के चलते रुके इधर-उधर हुए पार्सल अब एकीकृत डाक केंद्र से प्राप्त किए जा सकेंगे। इसकी व्यवस्था प्रधान डाकघर में पहली अक्तूबर से प्रारंभ हो जाएगी।
जनपद के सभी डाकघरों की छूटी डाक प्रधान डाकघर में जाएगी। कई बार गलत पिन कोड होने के कारण अधिकतर पार्सल इधर-उधर पहुंच जाते थे। इस समस्या को दूर करने के लिए एकीकृत डाक वितरण सेंटर की व्यवस्था प्रभावी करने के निर्देश प्रवर खंड की तरफ से प्रधान डाकघर को मिले हैं। डाक सूत्रों के मुताबिक एकीकृत केंद्र से लोगों को जनपद के विभिन्न डाकघरों में जाकर अपनी छूटी डाक तलाशने की जरूरत नहीं रहेगी। वह सीधे इस सेंटर पर आकर अपना डाक तलाश सकेंगे और साक्ष्य देकर इसे प्राप्त भी कर सकेंगे। पहले गलत पिन कोड होने से महीनों जनपद के सभी डाकघरों में इसे भेजकर पड़ताल कराई जाती थी। इसमें लंबा समय लगता था। इस बीच अगर प्राप्तकर्ता मिल भी जाते थे तो उन्हें इसे प्राप्त करने में काफी जद्दोजहद करनी पड़ती थी। क्योंकि यह पता करना मुश्किल था कि उनका पार्सल इस समय जनपद के किस डाकघर में है। लेकिन अब यह समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।