-10 अक्टूबर तक बढ़ी आवेदन की अंतिम तिथि
- देवरिया 2103 विचारों के साथ दूसरे स्थान पर, योजना में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़कर 10 अक्तूबर
महराजगंज। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने वाली इंस्पायर अवार्ड योजना में महराजगंज ने मंडल में पहला स्थान हासिल किया है। जिले से अब तक 2668 विद्यार्थियों के विचार पोर्टल पर दर्ज किए जा चुके हैं। 2103 विचारों के साथ देवरिया दूसरे स्थान पर है। अधिक से अधिक विद्यार्थियों को मौका देने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अक्तूबर कर दी गई है।
योजना के तहत कक्षा छह से इंटरमीडिएट तक के विद्यार्थी विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े नए विचार प्रस्तुत कर सकते हैं। आसपास की समस्याओं के समाधान के लिए तैयार किए गए मॉडल, प्रयोग या तकनीकी सुझावों को पोर्टल पर दर्ज किया जाता है। चयनित विचारों को आगे विकसित करने के लिए विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रोत्साहन दिया जाता है।
निर्धारित समय में कई विद्यार्थी अपने विचार पोर्टल पर दर्ज नहीं कर सके थे। इसे देखते हुए विभाग ने आवेदन की समयसीमा बढ़ाई है। विद्यालयों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता कराने और उपयोगी विचार पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए गए हैं। डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि सभी ब्लॉकों में नोडल अधिकारी लगाए गए हैं। प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा हो रही है और विद्यालयों के माध्यम से अधिक विद्यार्थियों को योजना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारी रख रहे नजर
योजना की प्रगति के लिए सभी ब्लॉकों में नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। वे विद्यालयों से विचार जुटाने और पोर्टल पर फीडिंग की निगरानी कर रहे हैं। जिला स्तर पर भी रोजाना प्रगति की समीक्षा की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी नवाचार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि स्थानीय समस्याओं पर आधारित नए समाधान सामने आ सकें।