महराजगंज। नवरात्र पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान लेहड़ा मंदिर परिसर की दो दुकानों और चिउरहा स्थित एक मार्ट का निरीक्षण किया गया।
टीम ने पेड़ा, फाफड़ आटा और सिंघाड़ा आटा के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय केके उपाध्याय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले लेहड़ा मंदिर परिसर में खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाली दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक टी स्टॉल से पेड़ा का नमूना लिया गया। इसके बाद एक टी स्टॉल की जांच कर वहां से भी पेड़ा का नमूना संग्रहित किया गया।
इसके अतिरिक्त टीम ने नगर के चिउरहा स्थित एक मार्ट का निरीक्षण किया। यहां से फाफड़ आटा और सिंघाड़ा आटा के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित सिंह, हंसराज प्रसाद, पवन गोंड और हिमांशु जयंत शामिल रहे।