मानक-फिटनेस व चालक-परिचालक सत्यापन जरूरी
महराजगंज। जिले में एक बार फिर स्कूल वाहनों की जांच सोमवार से शुरू हो रही है। एआरटीओ के अनुसार, इस बार वाहन सीज करने के साथ स्कूलों पर भी जुर्माना लगाने की बात कही है।
अप्रैल में शुरू शिक्षा सत्र में एआरटीओ व प्रवर्तन टीम ने स्कूल वाहनों की फिटनेस व तय मानकों की व्यवस्था के बाद शिविर लगाकर पोर्टल पर वाहनों को ऑन बोर्ड किया। लेकिन सिर्फ 923 निजी स्कूलों ने ही निर्धारित मानक पूर्ण कर पंजीकरण कराया। लगभग 60 की संख्या में स्कूली वाहनों ने ऑनलाइन होने की अनिवार्यता नहीं पूरी की।
बीते माह इनमें से कुछ स्कूल वाहनों को सीज भी किया गया लेकिन 40 से 50 की संख्या में अभी भी मानक विहीन व फिटनेस समाप्त वाहन बच्चों को स्कूल की ओर से संचालित किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद परिवहन आयुक्त कार्यालय से एक बार फिर स्कूल वाहनों के जांच-पड़ताल के निर्देश प्रभावी करने को कहा गया है।
एआरटीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मानकविहीन स्कूल वाहनों की जांच सोमवार से शुरू की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को सीज करने के साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधक पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।