निरीक्षण के दौरान नगर पालिका कार्यालय में अभिलेख देखते अधिशासी अधिकारी।
- फोटो : MAHARAJGANJ
निरीक्षण में गैरहाजिर दो कर्मियों को नोटिस, एक को आरोप पत्र
संपत्ति लिपिक के कमरे में गत्ते में भरा मिला कूड़ा, दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजेश जायसवाल ने शनिवार को अपने कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान हस्ताक्षर बनाकर पटल से गायब मिले दो कर्मियों को उन्होंने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब कर लिया जबकि दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही करने के आरोप में राजस्व वसूली में लगे कर्मचारी को कर्मी के खिलाफ मातहतों को उन्होंने आरोप पत्र जारी कर जवाब तलब करने को कहा है। उन्होंने कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिस कार्य के लिए तैनात किए गए हैं उसे समय से पूरा करें। लापरवाही की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अधिकारी ने सर्वप्रथम प्रधान लिपिक के कक्ष की जांच की। प्रधान लिपिक वहां मौजूद मिले तथा अभिलेखों का रखरखाव भी ठीक मिला। निर्माण लिपिक के अभिलेखों को देखने के उपरांत उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों से जुड़ा अलग रजिस्टर रखें तथा पूरा विवरण अंकित करें। निर्देश दिया कि भुगतान के समय उस रजिस्टर को अवश्य दिखाएं। उपस्थिति पंजिका का भी उन्होंने जायजा लिया। जिसमें कर्मचारी चंदेश्वर व शैलेंद्र हस्ताक्षर बनाकर गायब मिले। इस पर उन्होंने दोनों कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब कर लिया। वसूली कक्ष में निरीक्षण के दौरान पता चला कि कर वसूलने वाले राममूरत गुप्ता ने अगस्त माह में पहली व 17 तारीख को कर वसूली की रसीद काटी है। दायित्वों में लापरवाही पर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारी को संबंधित कर्मचारी के खिलाफ आरोप पत्र तैयार कर जारी करने का निर्देश दिया। गृह कर की वसूली पर उन्होंने रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया। निरीक्षण के दौरान संपत्ति लिपिक अतिक्रमण के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और दो दिन में स्थिति स्पष्ट करने को कहा। उनके कमरे में रखे गए गत्ते में कूड़ा-करकट देख कर वह भड़क गए व संपत्ति लिपिक को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी। परिसर में बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा होने पर उन्होंने व्यवस्थित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सफाई लिपिक से साफ-सफाई के बारे में जानकारी ली तथा कर्बला पर पहुंच उन्होंने सफाई कार्य की स्थिति भी देखी। अधिशासी अधिकारी ने भ्रमण पंजिका का जायजा लिया। पता चला कि लंबे समय से भ्रमण संबंधी कोई अंकन ही उसमें नहीं हुआ है। जिस पर उन्होंने पंजिका को सील कर दिया और उस पर लिखा कि कोई भी कर्मी पंजिका पर अंकन कर भ्रमण पर जाए तथा वापस लौटने पर उस पर समय दर्ज कर हस्ताक्षर भी करे। आगे से ऐसा न किए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि निकाय सीमा में नगर पालिका की भूमि पर हुए अतिक्रमण का कर्मचारी लेखपाल के साथ सत्यापन करें। इस दौरान जहां पर भी अतिक्रमण मिले, उसे तुरंत हटाने की कार्रवाई करने को भी कहा। इस दौरान प्रधान लिपिक मु. शमीम आदि मौजूद रहे।