महराजगंज। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने शनिवार को नगर के चौपरिया क्षेत्र का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद डॉ. पुष्पलता मंगल ने चौपरिया स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हुए परिसर को साफ-सुथरा रखने तथा बच्चों के लिए स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए ताकि छात्र-छात्राओं को स्वस्थ वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष फरेंदा रोड पहुंचीं, जहां सड़क किनारे लगाए गए पेड़-पौधों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को पौधों में नियमित रूप से पानी देने, उनकी देखभाल करने तथा समय-समय पर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि हरित वातावरण को बढ़ावा मिल सके। इसके उपरांत उन्होंने शिवनगर गैराज का निरीक्षण किया।