पनियरा। बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे तेरह वर्षीय किशोर विनायक जायसवाल ने दरवाजे में पर्दा लगाने वाले राड में स्कूल की टाई का फंदा लगाकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने लोहे का दरवाजा कटवा कर जांच पड़ताल की और शव बाहर निकाला।
कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगंज निवासी रंजीत जायसवाल का बेटा विनायक जायसवाल (13) नगर पंचायत के वार्ड नंबर-10 दीनदयाल नगर में बड़े पिता मनीष के घर दादा कैलाश के साथ रहता था। उसके साथ उसका आठ वर्षीय छोटा भाई ओम भी रहता है। पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह उसके दादा दवा कराने गोरखपुर जा रहे थे। वह भी साथ जाने की जिद करके रोने लगा।
दादा के चले जाने के बाद वह घर के बाहर स्थित एक कमरे का दरवाजा बंद कर कुछ देर रोता रहा। फिर दरवाजे पर पर्दा लगाने वाले राॅड में स्कूल की टाई का फंदा बना कर फांसी पर लटक गया। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर घर में मौजूद उसके बड़े पिता मनीष ने कमरे की खिड़की से झांक कर देखा, तो फंदे से उसका शव लटकता देख उनके होश उड़ गए।
उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। पुलिस टीम ने लोहे का दरवाजा कटवाकर जांच के बाद शव कब्जे में लिया। खबर लिखे जाने तक किशोर की मां वंदना मौके पर मौजूद नहीं थीं। वह अपने भाई के साथ दवा कराने दिल्ली गई हैं।
थानाध्यक्ष पनियरा आशीष कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर जाकर शव कब्जे में ले लिया गया है। जांच की जा रही है।