महराजगंज। मनरेगा के तहत ग्राम पंचायतों में हुए और होने वाले कार्यों की जानकारी अब एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) फीचर से लैस युक्तधारा पोर्टल से होगी। नए कार्य अब बीडीओ के लॉगिन से नहीं बल्कि इसी पोर्टल के जरिए होंगे। बीडीओ के पास सिर्फ अग्रसारण का दायित्व होगा। ग्राम्य विकास विभाग की तरफ से यह व्यवस्था सुनिश्चित कराने का पत्र सीडीओ कार्यालय को प्राप्त हुआ है।
पत्र में उल्लेखित प्रारूप पर मनरेगा के कार्य संपादित कराने की जिम्मेदारी सीडीओ ने डीडीओ व मनरेगा उपायुक्त को सौंपी है। 2026 से युक्तधारा पोर्टल के जरिए ही नए कार्य व प्रभावी कार्य का अपडेट मिलेगा।
शासन ने मनरेगा में पारदर्शिता के लिए युक्तधारा पोर्टल तैयार कराने के बाद अब इसे धरातल पर उतारने का आदेश जारी किया है। पोर्टल पर ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत होने वाले और हो चुके कार्यों की फीडिंग के साथ प्रभावी कार्यों का नियमित अपडेट भी दर्ज किया जाएगा। इससे विकास कार्यों में पारदर्शिता आएगी और चल रहे अथवा पूरे हो चुके कार्यों का स्वत: मूल्यांकन भी हो सकेगा।
क्रियान्वयन में जियो टैगिंग का बढ़ा महत्व
जिले के 883 ग्राम पंचायतों में युक्तधारा पोर्टल के प्रभावी होने के बाद खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की लॉगिन से कार्य प्रस्ताव की जरूरत नहीं होगी। बल्कि उन्हें सिर्फ फीड कार्यों का अग्रसारण करना होगा। प्रत्येक कार्य की जियो टैगिंग की जाएगी, जिससे पता रहेगा कि कौन सा कार्य पहले हो चुका है और कहां नई योजनाओं की जरूरत है।