महराजगंज। क्षेत्र पंचायत पनियरा की पूर्व निर्धारित बैठक बुधवार को ब्लॉक सभागार में शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई। बैठक के मुख्य अतिथि विधायक ज्ञानेंद्र सिंह रहे। सदन में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के साथ-साथ एसआईआर के बारे में सदस्यों को जानकारी दी गई। बैठक में सबसे पहले पिछली कार्रवाई की सदस्यों ने पुष्टि की।
सदन को खंड विकास अधिकारी राहुल सागर ने क्षेत्र में जारी विभिन्न योजनाओं के साथ विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने एसआईआर के लिए जरूरी दस्तावेज के बारे में सदस्यों को बताते हुए कहा कि वे गांवों में इस संबंध में आ रही समस्या के समाधान के बारे लोगों को जानकारी दें। ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला ने ब्लॉक परिसर में चल रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पांच करोड़ की लागत से एक सभागार, कार्यालय, आवास आदि बन रहे हैं। बैठक में चेयरमैन उमेश चन्द्र जायसवाल, राजेश यादव उर्फ बबलू, प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सतीश सिंह, पूर्व प्रमुख जयनाथ सिंह, गुड्डू सिंह, एडीओ पंचायत गुड्डू प्रसाद, सीडीपीओ दीनानाथ द्विवेदी, एबीएसए शिवकुमार, श्रवण गुप्ता मौजूद रहे।