स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड के बारे में दी जानकारी
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जिले के विभिन्न सीएचसी व पीएचसी में तैनात नर्सों के लिए जिला अस्पताल में आयोजित पांच दिवसीय शिशु आहार पूर्ति प्रशिक्षण का रविवार को समापन हुआ। इस दौरान नर्सों को स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड के बारे में जानकारी दी गई। प्रमाण पत्र देकर प्रशिक्षण का समापन किया गया।
सीएमएस डॉक्टर आरबी राम ने बताया कि गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा से संबंधित एक कार्ड बनाया जाता है। इसमें गर्भवती महिलाओं को लगने वाले टीके, वजन सहित अन्य जांच की रिपोर्ट भरी जाती है। प्रसव के बाद शिशु का भी कार्ड बनता है। जिसमें बच्चे का वजन, तापमान, टीके आदि का विवरण होता है। इससे हर माह यह जानकारी मिलती है कि बच्चे का वजन कितना बढ़ रहा है। बच्चे के शारीरिक विकास की भी जानकारी मिलती है। यदि किसी बच्चे का वजन नहीं बढ़ता है या किसी प्रकार की समस्या होती है तो ऐसे बच्चे की जांच चिकित्सक से जांच करानी चाहिए। प्रशिक्षक डॉक्टर रामनवल, स्नेहा सिंह, सुमन लता ने जन्म के समय मां और बच्चे को होने वाली परेशानी व उसके समाधान की जानकारी दी। सभी प्रशिक्षणार्थियों को सीएमएस ने प्रमाण पत्र दिया।