सरसों के तेल में पांच रुपये प्रति लीटर का उछाल, 300 रुपया किलो बिक रहा छुहारा
महराजगंज। त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है और इन्हें बेहतर तरीके से मनाने के लिए लोग खरीदारी के लिए बजट निर्धारित करने लगे हैं। खाद्य पदार्थों की महंगाई से लोगों का बजट बिगड़ रहा है। महंगाई की मार से दाल पतली हो रही है तो चाय की मिठास भी घट रही है।
जानकारी के अनुसार, चीनी, चना दाल, सरसों के तेल, लहसुन के दाम में उछाल आया है। जहां चीनी जुलाई माह में 48 से 50 रुपये बिक रही थी तो अब ये आज की तारीख में महंगी होकर 52 से 54 रुपये प्रति किलो बिक रही है। इसके अलावा ड्राईफ्रूट व अन्य सामान भी महंगे हुए हैं।
त्योहार से लेकर आम दिनों में लोग सरसों तेल, चना दाल, छुहारा, लहसुन का इस्तेमाल अधिक करते हैं। जुलाई माह में चाइनीज छुहारा 240 रुपये प्रतिकिलो की दर से बिक रहा था लेकिन आज की तारीख में ये 300 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुका है। 190 रुपये में मिलने वाला सरसों का तेल आज की तारीख में 195 रुपये प्रतिलीटर की दर से बिक रहा है।
चना के दाल का दाम भी अगस्त में 10 रुपये तक बढ़ा है। जुलाई में 75 रुपये प्रतिकिलो मिलने वाली चना दाल अगस्त में 85 रुपये मिल प्रतिकिलो की दर से बिक रही है। लहसुन भी 140 से बढ़कर 160 रुपये प्रतिकिलो की दर से बिक रहा है।
शहर के संतोष कुमार कहते हैं कि वे महीने भर का राशन एक बार ही खरीद लेते हैं। लेकिन अब इन घरेलू उपयोग लिए बजट ज्यादा होने से चिंता बढ़ गई है। इसी तरह से घरेलू उपयोग की वस्तुओं का दाम बढ़ा तो आगे परेशानी और बढ़ेगी। शहर के रहने वाले संदीप प्रजापति ने कहा कि दाल चीनी सहित अन्य जरूरी सामान का दाम बढ़ा है। इसकी खरीद के लिए महीने में बजट गड़बड़ा रहा है।
स्पीकअप
चना दाल, सरसों के तेल, चीनी, छुआरा, आदि दाम में काफी उछाल आया है। थोक दाम बढ़ने से फुटकर में भी बढ़ोतरी होनी तय है। इससे खरीदारी पर भी असर पड़ेगा।
-अशोक टिबड़ेवाल वर्ग थोक व फुटकर व्यापारी शास्त्रीनगर
चीनी, सरसों का तेल, चना दाल, छुहारा आदि सामानों के रेट बढ़े हैं। इसकी वजह से बिक्री पर प्रभाव पड़ने की आशंका है। पिछले महीने यह दर कम था।
- फूलचंद्र अग्रवाल होल सेल व्यापारी