वाहनों की संख्या में वृद्धि से रोज लग रहा जाम
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जिले में दो व चार पहिया वाहनों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। चार साल में अकेले मोटरसाइकिलों की संख्या में 1,42,262 का इजाफा हुआ है। वर्ष 2015 में जहां जिले में 1,03,271 मोटरसाइकिलों का पंजीकरण हुआ था वहीं फरवरी 2019 तक इनकी संख्या बढ़कर 2,45,533 हो गई है।
वाहनों की संख्या में तेजी से हो रही वृद्धि के कारण प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव भी बढ़ गया है। इसके चलते लोगों को आए दिन यातायात जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यातायात का दबाव बढ़ने से आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। हालांकि सुरक्षा के लिए समय - समय पर यातायात पुलिस की तरफ से लोगों को हेलमेट व सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक भी किया जाता रहा है। उप संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2015 में विभाग में 1,03,271 मोटर साइकिलें पंजीकृत थीं। वहीं कार और जीप मिलाकर कुल 3,336 चार पहिया और 2,823 आटो रिक्सा पंजीकृत हैं। चार साल के दौरान इनकी संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। फरवरी 2019 तक कुल 2 लाख 94 हजार 443 वाहन पंजीकृत हुए। इनमें 2 लाख 45 हजार 533 बाइक और 7 हजार 943 कार और जीप शामिल हैं। आटो रिक्शा भी 4 हजार 096 पंजीकृत हुए हैं। ऐसे में चार साल में बाइकों के साथ ही कार और जीप की संख्या में वृद्धि हुई है। चार साल में 4 हजार 607 चार पहिया और 1273 आटो रिक्शा बढ़ गए। उप संभागीय परिवहन अधिकारी आरसी भारती ने बताया कि विभाग की ओर से यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाता है। यातायात माह के दौरान जगह-जगह जागरूकता गोष्ठियां और शिविर भी लगाए जाते हैं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाती है। यातायात निरीक्षक बरजोर सिंह ने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से लोगों को जागरूक किया जाता है। यातायात नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। पांच दिन 408 वाहनों का चालान किया गया है।