सोनौली। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने निगरानी बढ़ा दी है। शनिवार को भगवानपुर बॉर्डर पर संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान त्योहारों के मद्देनजर वाहनों की तलाशी और दस्तावेज की जांच की गई।
अभियान के दौरान आने-जाने वाले लोगों के पहचान पत्रों और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। मोटरसाइकिल, साइकिल समेत अन्य वाहनों की तलाशी भी ली गई। त्योहारों के मद्देनजर सीमा पर बढ़ी गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। मुख्य प्रवेश द्वार पर तैनात जवान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। जरूरत पड़ने पर लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
सीओ नौतनवां बसंत कुमार सिंह ने बताया कि तस्करी, अवैध घुसपैठ और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सीमा क्षेत्र में चेकिंग जरूरी है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और एसएसबी संयुक्त रूप से निगरानी कर रही हैं।