महराजगंज। उमस लोगों की सेहत खराब करने लगा है। अस्पतालों में बेचैनी, घबराहट और बीपी-शुगर के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल में सोमवार को 860 लोगों की ओपीडी हुई।
डॉक्टर दवा के साथ बचाव का सुझाव भी दे रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल के ओपीडी में पर्ची काउंटर से लेकर डॉक्टर के कक्ष तक मरीजों की भीड़ लगी रही। डॉक्टर से परामर्श लेने में घंटा भर लग गया। दवा काउंटर पर भी लंबी कतार लगी रही। कतार में खड़े नरेश यादव कहने लगे की अक्सर सोमवार को अधिक भीड़ होती है। दवा लेने के लिए करीब 20 मिनट से कतार में खड़ा हूं। अभी नंबर नहीं आया है। दोपहर के 12 बज गए हैं। इसी तरह से अन्य अनुभाग में मरीज परेशान रहे।
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि जब तापमान सामान्य से अधिक हो जाता है तो हमारे शरीर का तापमान भी बढ़ जाता है। इससे हमारा दिमाग कंट्रोल नहीं कर पाता। ऐसा होने पर बेचैनी, घबराहट समेत ब्लड प्रेशर की समस्या बढ़ने लगती है। ऐसी स्थिति में मरीजों को तत्काल डॉक्टरों की सलाह लेनी चाहिए।
बताया कि इन दिनों इस तरह की समस्या के मरीज अधिक आ रहे हैं। बढ़ते तापमान के बीच लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। तरल पदार्थों के सेवन के साथ ही खूब पानी भी पीएं। प्रत्येक दिन 15 से 20 मरीज आ रहे हैं।
नियमित दिनचर्या से मिलेगी राहत
आयुष अनुभाग के डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि खानपान को लेकर संयमित होने की जरूरत है। नियमित रूप से योग करने या फिर सुबह के समय टहलने पर ध्यान देना चाहिए। समय-समय पर खून आदि की जांच कराते रहने के साथ ही संतुलित आहार लेने पर ध्यान देना होगा।