महराजगंज। जिले के किसानों के लिए अच्छी खबर है। इस बार प्रदेश सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य पिछले साल के मुकाबले 150 रुपये बढ़ाकर 2425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। पिछले वर्ष यह मूल्य 2275 रुपये था।
गेहूं खरीद प्रक्रिया एक मार्च से शुरू होगी। इसके लिए जिले में 97 क्रय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, गेहूं बेचने के लिए किसानों को पहले पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण की प्रक्रिया एक जनवरी से शुरू हो चुकी है। किसान अपने पंजीकरण खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर कर सकते हैं। इसके अलावा, यूपी किसान मित्र मोबाइल एप के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।
किसान इस एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करके अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर पंजीकरण पूरा कर सकते हैं। वर्ष 2025-26 में पहले से पंजीकृत किसानों को दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे किसान केवल अपने पंजीकरण में संशोधन कर उसे पुनः लॉक करा सकते हैं।
समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित : किसानों को किसी भी समस्या का समाधान तेजी से उपलब्ध कराने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसान अपनी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 8052895020 पर संपर्क कर सकते हैं। यदि समस्या का समाधान इस माध्यम से नहीं होता है तो किसान संबंधित तहसील के क्षेत्रीय विपणन अधिकारी या विपणन निरीक्षक से संपर्क कर सकते हैं।
क्रय केंद्रों पर फसल लाने के लिए अपील : किसानों को सलाह दी गई है कि वे पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अपनी फसल क्रय केंद्रों पर लेकर आएं। जिले में 97 क्रय केंद्र बनाए गए हैं, जहां एक मार्च से फसल की खरीद शुरू होगी। किसानों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि उनकी फसल की तुलाई क्रय केंद्र पर ही हो। इससे उन्हें उचित मूल्य मिल सके।