महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र की मुजुरी चौकी के तहत लक्ष्मीपुर गांव में चोरों ने एक घर का ताला तोड़ कर 75 हजार रुपये नकद, जेवरात, लैपटॉप, कैमरा आदि चुरा लिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
लक्ष्मीपुर निवासी कृष्णदेव यादव ने तहरीर में बताया कि पांच अक्तूबर को परिवार के सभी लोग घर में ताला बंद कर गोरखपुर गए थे। दूसरे दिन उसके चाचा रामसूरत घर लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। अंदर गए तो देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी भी टूटी पड़ी थी। चोरों ने घर में रखे 75 हजार रुपये, जेवरात, लैपटॉप, कैमरे का एनवीआर आदि चुरा लिया था। इस संबंध में एसओ कुंवर गौरव सिंह और चौकी इंचार्ज देवेंद्र दुबे ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।