चालकों-परिचालकों को दी जाएगी प्रोत्साहन राशि
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। सड़क परिवहन निगम की तरफ से होली के मौके पर 17 मार्च से 24 मार्च तक आठ दिन लगातार ड्यूटी करने वाले चालकों और परिचालक को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्हें प्रोत्साहन राशि के रूप में 2800 रुपये मिलेंगे। अधिक चलने पर संविदा पर तैनात चालकों व परिचालकों को भी 55 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। परिवहन निगम के वर्कशाप में काम करने वाले कर्मचारियों को भी लगातार ड्यूटी पर पर प्रोत्साहन राशि के रूप में 850 रुपये दिए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम की ओर से होली के मौके पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए यह कदम उठाया है। रोजगार के चक्कर में प्रदेश के विभिन्न जिलों व प्रदेश के बाहर जाकर काम करने वाले लोग होली के मौके पर अपने घर आते हैं। इसलिए होली पर यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसी स्थिति में यात्रियों को बसें पकड़ने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। घंटों बसों का इंतजार करना पड़ता है। होली पर सड़क परिवहन निगम के चालक और परिचालक सहित अन्य कर्मचारी भी अवकाश पर जाना चाहते हैं जबकि होली पर यात्रियों की भीड़ भी बढ़ जाती है। चालकों, परिचालकों की कमी का असर निगम का आय पर भी पड़ता है। इसको देखते हुए सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक ने 17 से 24 मार्च तक लगातार ड्यूटी करने वाले चालकों और परिचालकों को प्रोत्साहन राशि देने का निर्देश जारी किया है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भुनेश्वर प्रसाद ने बताया कि यदि चालक और परिचालक आठ दिन लगातार ड्यूटी करते हैं और प्रतिदिन 300 किलोमीटर बसों का परिचालन करते हैं तो ऐसे चालकों और परिचालकों को 2800 रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे। इसके अलावा यदि आठ दिन 300 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करते हैं तो संबंधित चालकों और परिचालकों को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने की योजना है।