विशेष स्वच्छता अभियान में फरेंदा ब्लॉक को प्रदेश में नंबर -वन
- प्रदेश के टाप 100 ब्लॉकों में जिले के पांच ब्लॉक शामिल
महराजगंज। स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए जिले में चलाए गए विशेष स्वच्छता अभियान में शनिवार तक का प्रदर्शन जिले के लिए खास रहा है। फरेंदा ब्लॉक ने जहां स्वच्छता के मामले में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है, वहीं प्रदेश के टाप 100 ब्लॉकों में भी जिले के पांच ब्लॉकों ने स्थान बनाने में सफलता पाई है।
प्रदेश की ओर से एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर के बीच में प्रत्येक जिले में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सफाई के बिंदु पर प्रतिदिन रिपोर्ट भी एकत्र करते हुए ब्लॉकवार रिपोर्ट भी जारी की जा रही है। शनिवार को पंचायती राज निदेशालय की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक जिले के फरेंदा ब्लॉक ने 2066 कार्यों को कराते हुए प्रदेश में पहला व 1160 कार्यों को कराते हुए निचलौल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है, वहीं सीतापुर जिले के ऐलिया ब्लॉक ने 1327 कार्यों को कराते हुए प्रदेश में दूसरा तथा बिसवान ब्लॉक ने 1073 कार्य कराते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया है, पांचवें स्थान पर 950 कार्यों को कराते हुए देवरिया जिले के गौरी बाजार ब्लॉक ने स्थान बनाया है।
----------------------------------
जिले के अन्य ब्लॉकों की यह रही स्थिति
स्वच्छता संबंधी 583 कार्यों को कराते हुए पनियरा ने 66वां, 569 कार्यों को कराते हुए सदर ने 76वां, 559 कार्यों को कराते हुए घुघली ने 80वां स्थान प्राप्त किया है। बृजमनगंज 493 कार्य को कराते हुए 110 वें, परतावल 463 कार्य को कराते हुए 126वें, मिठौरा 312 कार्यों को कराते हुए 293वें, रतनपुर 305 कार्यों को कराते हुए 313वें, सिसवा 254 कार्यों को कराते हुए 405वें, लक्ष्मीपुर 156 कार्य को कराते हुए 559वें तथा धानी 152 कार्य को कराते हुए प्रदेश मे 567वें स्थान पर है।
------------------------------------
जिले में चलाए गए विशेष स्वच्छता अभियान में फरेंदा का प्रदेश में पहले स्थान पर आना सुखद है। अन्य ब्लॉक भी मेहनत करते हुए अपनी स्थिति को और बेहतर बनाने का प्रयास करें।
सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी