प्रपत्रों के साथ संलग्न की जाने वाली तस्वीरें स्पष्ट एवं उच्च गुणवत्ता वाली हों
बूथ संख्या 238 में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य संचालित
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को तहसील नौतनवा के ग्राम बनरसिया कला में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने प्राथमिक पंचायत भवन में गणना प्रपत्रों के वितरण, प्राप्ति एवं डिजिटाइजेशन प्रक्रिया की जानकारी ली। पंचायत भवन में स्थापित बूथ संख्या 238 में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य संचालित पाया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जो मतदाता नहीं मिल रहे हैं, उनको न्यूनतम तीन बार बुलावा भेजें।
बीएलओ विंद्रावती देवी ने बताया कि बूथ संख्या 238 में कुल मतदाता 561 हैं, सभी को गणना प्रपत्र दिए जा चुके हैं। 456 प्राप्त गणना प्रपत्रों में 415 फॉर्म के डिजिटाइजेशन का कार्य भी पूर्ण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाताओं से संपर्क कर वितरित फॉर्म को जमा कराएं और डिजिटाइजेशन कार्य समानांतर रूप से करें। प्रपत्रों के साथ संलग्न की जाने वाली तस्वीरें स्पष्ट एवं उच्च गुणवत्ता वाली हों। जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित करते हुए कहा किकिसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने मौजूद मतदाताओं से संवाद करते हुए एसआईआर में सहयोग करने का अनुरोध किया।
इससे पूर्व जिलाधिकारी ने परिसर में ही संचालित फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य और हेल्थ कैंप का भी अवलोकन किया। हेल्थ कैंप में निरीक्षण के समय तक कुल 37 मरीजों की जांच की गई थी और 14 का आयुष्मान कार्ड बनाया गया था। पंचायत सहायक ने बताया कि गांवों में कुल चिह्नित 275 लाभार्थियों में से 257 का आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है। जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि यदि किसी को कोई समस्या है तो निःसंकोच बताएं प्रशासन आपकी पूरी मदद करेगा। ग्रामीण आशिक अली ने ट्राइसाइकिल की मांग की। उन्होंने ग्रामीणों से एसआईआर फॉर्म को जल्द से जल्द भरकर जमा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, बीडीओ लक्ष्मीपुर मृत्युंजय यादव व अन्य मौजूद रहे।
फोन पर समस्या बताकर पूछा समाधान
महराजगंज। एसआईआर अभियान को लेकर जनता से फोन पर रूबरू हो रहे डीएम संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को भी 11 बजे से एक घंटे तक जनसुनवाई की। इस दौरान लोगों ने प्रक्रिया को लेकर अपनी समस्याओं के बारे में बताकर समाधान पूछा। नौतनवा के गुजरवलिया निवासी एक शख्स ने पूछा कि उनकी पत्नी नेपाल की हैं। उन्होंने अपनी पत्नी का एसआईआर फार्म भरने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। डीएम ने पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया।
इसके अलावा ऑनलाइन एसआईआर फार्म भरने में समस्या, मतदाता सूची में नाम गलत होने, दो जगह नाम होने को लेकर भी मतदाताओं ने फोन किया। जिलाधिकारी महोदय ने सभी मतदाताओं की समस्याओं को सुना और उनकी शंकाओं का निवारण किया। साथ ही उनकी समस्याओं को लेकर भी संबंधित को निर्देशित किया। एक घंटे में कुल 20 मतदाताओं ने फोन कर अपनी समस्या से अवगत कराया। उन्होंने मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया के विषय में विस्तार से बताते हुए समस्याओं का निराकरण किया। संवाद