जन सेवा केंद्र पर आवेदन भरते संचालक।
महराजगंज। जरूरतमंदों को इन दिनों आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि, शासन ने वास्तविक लाभार्थियों की पहचान करने के लिए पोर्टल में बदलाव कर दिया है। ऐसे में बगैर आधार ई-केवाईसी के सहज जन सेवा केंद्रों से आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन नहीं हो पा रहे हैं। इसके चलते आवेदन कराने वाले लोगों से लेकर केंद्र संचालकों के सामने मुसीबत बढ़ गई है। अब आधार ई-केवाईसी होने के बाद ही इन प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन किया जा सकता है। करीब 2000 आवेदक इस समस्या से परेशान हैं।
सोमवार को शहर में कामन सर्विस सेंटर पर तमाम आवेदक ई-केवाईसी कराने के लिए जुटे थे। नेटवर्क ठीक नहीं रहने के कारण कुछ आवेदक चले गए। फरेंदा रोड पर एक सेंटर पर नरेंद्र शर्मा ने बताया कि दो दिन ई-केवाईसी कराने के लिए परेशान हूंं। तकनीकि समस्या होने की बात कही जा रही है। पता नहीं कब समस्या दूर होगी। इसी तरह से अन्य आवेदक भी परेशान दिखे।
निचलौल शहर में तहसील गेट के बगल में सहज जन सेवा केंद्र संचालित करने वाले संचालक आकाश ने कहा कि अभी तक उक्त प्रमाण पत्र के लिए मतदाता पहचान पत्र, ग्राम प्रधान की ओर से प्रमाणित पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेज लगाकर ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल से आवेदन किए जाते थे, लेकिन बीते 11 फरवरी से पोर्टल में बदलाव कर दिया गया है। इसके तहत उक्त प्रमाण पत्रों के लिए केवल आधार ओटीपी से वेरिफिकेशन के पश्चात ही आवेदन किए जा सकते हैं। ऐसे में अब इसके लिए आवेदन करने वाले उन लोगों के समक्ष समस्या उत्पन्न हो गई है जिनका आधार कार्ड का ई-केवाईसी नहीं हुआ है। सहज जन सेवा केंद्र के जिला प्रबंधक सूरज ने कहा कि वास्तविक लाभार्थियों की पहचान के लिए शासन स्तर से यह बदलाव किया गया है। इससे प्रमाण पत्रों को जारी करने में सुविधा होगी।