महराजगंज। जनपद में नए शिक्षा सत्र के विद्यार्थियों का प्रवेश लेने में परिषदीय स्कूल जोर-शोर से जुटे हैं। सदर ब्लॉक का एक ऐसा कंपोजिट स्कूल संचालित है, जहां की शिक्षा गुणवत्ता और संसाधनों की उपलब्धता से अभिभावक खुद अपने पाल्य को प्रवेश दिलाने के लिए स्कूल से संपर्क कर रहे हैं।
स्कूल के बढ़ते प्रभाव से शिक्षकों के साथ महकमा जहां उत्साहित है, वहीं आसपास के निजी स्कूलों की यह परेशानी है कि वह किस तरह अभिभावकों को अपने यहां मोड़ें, जिससे वह भी प्रवेश बढ़ा सकें। सदर विकास खंड का प्राथमिक स्कूल बेलहिया संसाधन और शिक्षा गुणवत्ता में निजी स्कूलों को पीछे छोड़ चुका है।
इस स्कूल में पिछले वर्ष नामांकन का दायरा बढ़ा तो कुल 96 बच्चों का नामांकन हुआ। पिछले वर्ष स्कूल में कायाकल्प, ग्रीन गार्डन, स्कूल की आकर्षक रंगाई, टाइलीकरण का कार्य कराकर स्कूल को आकर्षक रूप दिया गया। बैठने के लिए बेंच के साथ प्रत्येक कमरे में पंखे की व्यवस्था चिलचिलाती गर्मी में बच्चों को हवा देते हैं।
साथ ही स्कूल में स्मार्ट क्लास की सुविधा प्रत्येक कक्षा के लिए है और इसके लिए समय भी निर्धारित है। निजी लाइब्रेरी में ज्ञानवर्धक लगभग 1200 किताबों का संग्रह बच्चों को विशेष रूप से पढ़ाई का उत्साह देते हैं तो 15 प्रकार के खेल उपकरण खेल रुचि बढ़ा रहे हैं। नए सत्र में अबतक 25 प्रवेश हो चुके हैं और प्रवेश प्रक्रिया प्रभावी है। एमडीएम की बेहतर व्यवस्था : स्कूल में एमडीएम की विशेष व्यवस्था है। पिछले वर्ष रसोई के सभी पुराने बर्तन बदल कर नए खरीदे जा चुके हैं। सप्ताह में मीनू के अनुसार भोजन में ग्रीन गार्डन में उगाई हरी व पत्तेदार सब्जियां जरूर शामिल होती हैं। सप्ताह में एक दिन फल, गुड़ व मूंगफली की चिक्की के साथ दूध का भी प्रबंध है। मीनू के साथ कुछ न कुछ हर दिन विशेष रूप से कुछ न कुछ जरूर पकता है जिसका बच्चों को हर रोज इंतजार रहता है। ै