महराजगंज। सदर ब्लॉक के बांसपार बैजौली टोला लालपुर को जाने वाली सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। इस पर जलभराव के साथ ही कीचड़ हो गया है। इससे नाराज ग्रामीण बुधवार को क्षतिग्रस्त मार्ग पर पहुंचे और सड़क में लगे कीचड़ में धान की रोपाई कर गुस्से का इजहार किया। इस दौरान ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन विरोधी नारे भी लगाए। लोगों ने चेतावनी दी कि क्षतिग्रस्त सड़क की अविलंब मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन किया जाएगा।
बांसपार बैजौली टोला लालपुर के रहने वाले क्षेत्र पंचायत सदस्य कलाम हुसैन ने कहा कि सड़क खराब है। बच्चे स्कूल जाते हैं तो उनके कपड़े खराब हो जाते हैं। वाहन गुजरने के दौरान कपडे़ पर छींटे पड़ने के कारण कई बार मारपीट भी हो चुकी है। सरकार एक ओर सड़कों को गड्ढ़ामुक्त करने के दावा कर रही है। वहीं कीचड़युक्त सड़कें सरकार के दावों की पोल खोल रही हैं। सड़क मरम्मत की मांग को लेकर तहसील दिवस में भी शिकायत की गई थी। लेकिन सड़क आज तक नहीं बनी। इसी वजह से सड़क पर लगे कीचड़ में धान की रोपाई कर विरोध जताया गया है। अगर सड़क नहीं बनी तो लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इस टोले में 732 मतदाता हैं। इस दौरान छट्ठू यादव, रामकेवल, अखिलेश वर्मा, चिरैता, कलावती देवी, श्रद्धा, सीमा, अंबिका, शारदा देवी, दुर्गेश सहानी, रेयाज अहमद, विष्णु शर्मा, भगवान, संत पासवान, अभिजीत शर्मा, हरिओम आदि मौजूद थे।