महराजगंज। जिले के विद्युत निगम कार्यालय से सोमवार को एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां पर बिजली विभाग एक्सईएन के मोबाइल नंबर पर एक शख्स ने बगैर काम के फोन कर कहा कि मैं भाजपा का महामंत्री बोल रहा हूं, आपको देख लूंगा। इसकी खबर लगने के बाद विभाग के उच्चाधिकारी भी हरकत में आ गए। उसके बाद इस मामले में एक्सईएन की ओर से पुलिस को तहरीर देकर फोन करने वाले शख्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता राहुल शर्मा ने पुलिस को दिए तहरीर में कहा है कि विभागीय मोबाइल नंबर पर एक शख्स बार-बार फोन कर रहा है। फोन उठाने के बाद वह कुछ बोल नहीं रहा है। कहा कि मैं भाजपा का महामंत्री बोल रहा हूं, आप फोन रिसीव नहीं करते हैं। आप जिले में नए आए हैं। सही से रहिए, आपको देख लेंगे। अवर अभियंता आलोक कुमार को कार्यालय में बुलाकर आरोपी के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा गया, तो उसने कोई बात नहीं की। सदर कोतवाल आनंद कुमार गुप्ता ने अनुसार, मामले की जानकारी है। जांच की जा रही है।