पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की
पीड़ित पति की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक व्यक्ति को उसकी पत्नी के प्रेमी ने दोस्तों के साथ मिलकर पीट दिया। आरोप है कि पति को पीटने के लिए पत्नी ने भी आरोपियों को उकसाया और उनका सहयोग किया। दरअसल पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ देख लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। पीड़ित पति ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी का गांव के ही सुदामा गुप्ता के साथ पिछले एक वर्ष से अवैध संबंध है। इसको लेकर उसने कई बार दोनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। पीड़ित के मुताबिक, बीती सात फरवरी की रात करीब 10:30 बजे जब वह अपने काम से घर लौटा तो उसने सुदामा गुप्ता को अपनी पत्नी के साथ घर में पाया। विरोध करने पर सुदामा गुप्ता ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
शोर सुनकर सुदामा के सहयोगी रामअशीष, निक्की गुप्ता समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और मिलकर पति को ही मारने-पीटने लगे। मारपीट के दौरान उसकी पत्नी ने भी अन्य आरोपियों का साथ दिया। पीड़ित के अनुसार, उसे लात-घूंसों से पीटा गया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। साथ ही आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के दौरान आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित ने खुद को डरा-सहमा बताते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी सुदामा गुप्ता, राम अशीष, निक्की गुप्ता और गुंजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।