महराजगंज। बढ़े तापमान के बाद अब उमस भरी गर्मी ने फंगल इन्फेक्शन के मामले बढ़ा दिए हैं। सर्वाधिक परेशानी त्वचा में खुजली, जलन व घमौरियों से हो रही है।
बृहस्पतिवार को फंगल इन्फेक्शन के 13 मरीज ओपीडी पहुंचे, जिसमें 9 महिलाएं शामिल रहीं। चिकित्सकों ने हल्के वस्त्र पहनने व सफाई रखने की हिदायत के साथ दवा लेने की सलाह दी। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 848 मरीज पहुंचे।
फंगल के कारण महिलाएं अधिक परेशान मिलीं। डाॅ. पवन ने त्वचा पर बने स्पाट (निशान) व त्वचा की रंगत का परीक्षण कर जरूरी दवाओं व घमौरी नाशक पाउडर लगाने की सलाह के साथ हल्के वस्त्र पहनने व सफाई रखने की हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को उमस में फंगल इन्फेक्शन का खतरा रहता है क्योंकि उनके वस्त्र भी पुरुषों के मुकाबले अधिक पहनने होते हैं। उमस व भारी कपड़ों के कारण चेहरे, गले व अंडर आर्म में खुजली जलन व घमौरी हो जाती है। इससे छुटकारा पाने के लिए डाॅक्टर की सलाह के साथ हल्के कपड़ों का उपयोग एवं सफाई पर विशेष ध्यान रखना चाहिए।
लापरवाही के इसमें बढ़ोतरी हो जाती है जिससे छुटकारा पाने में दिक्कत हो सकती है। सीएमएस डाॅ. एके द्विवेदी ने बताया कि उमस में फंगल इन्फेक्शन व अन्य तरह की त्वचा संबंधित समस्या के मरीज अधिक पहुंच रहे। दवा व हिदायत दी जाती है।