बस के इंतजार में घंटों परेशान रहे यात्री
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। स्थानीय बस स्टेशन पर सोमवार को गोरखपुर जाने वाले यात्री परेशान रहे। बस के इंतजार में उन्हें घंटों रोडवेज के पास ही खड़े रहना पड़ा। बहुत से यात्रियों को समय से बस नहीं मिलने की वजह से प्राइवेट बसों व टैक्सी का सहारा लेना पड़ा। कई यात्रियों को तो ट्रेन छूटने की चिंता सता रही थी।
महराजगंज से गोरखपुर जाने के लिए दिन में करीब 11 बजे से तीन बजे के बीच रोडवेज बस की सुविधा नहीं मिली। यात्रियों का कहना था कि यहां अक्सर दिन में ग्यारह बजे से तीन बजे के बीच बसों के लिए समस्या झेलनी पड़ती है। महराजगंज से गोरखपुर जाने के लिए रोडवेज पर बस का इंतजार कर रही शकीना, कोमल, राजाराम, मनोज ने बताया कि वह गोरखपुर जाने के लिए काफी देर से बैठे हैं, लेकिन बस नहीं मिली। बस न मिलने से उनकी आगे की यात्रा प्रभावित होने की आशंका है। उधर, रोडवेज स्टेशन पर जैसे ही कोई बस खड़ी हो रही थी, उस पर चढ़ने के लिए यात्रियों में होड़ मच जा रहा था। जो लोग अकेले थे, वह तो दौड़ कर बस पर चढ़ जा रहे थे, मगर जो लोग लगेज के साथ ही बच्चों व परिवार के साथ थे, उनके चढ़ने से पहले ही बस भर जाती थी। जिससे उनकी बस छूट जा रही थी। उन्हें दूसरी बस का इंतजार करने के लिए विवश होना पड़ रहा था। इस संबंध में रोडवेज बस स्टेशन के वरिष्ठ सहायक केपी नायक ने बताया कि कुछ चालकों व परिचालकों के अवकाश पर चले जाने की वजह से दिक्कत पैदा हुई है। मंगलवार से समस्या दूर हो जाएगी। दरअसल, प्रोत्साहन योजना के तहत चालकों व परिचालकों से रक्षाबंधन के मौके पर अतिरिक्त ड्यूटी कराई गई। रक्षाबंधन बीतने के बाद कुछ लोग अवकाश पर चले गए। जिससे समस्या पैदा हुई है।